ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर भीषण बाढ़ आई, सात की मौत

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

ब्रिसबेन (ऑस्ट्रेलिया): ऑस्ट्रेलिया का तीसरा सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर ब्रिसबेन में, भारी बारिश के बाद पानी भर गया है। पूर्वी तट के इलाकों में आई बाढ़ के कारण अब तक सात लोगों की मौत हो गई है।

ब्रिसबेन और उसके आसपास के इलाकों में 2011 के बाद आई यह सबसे भीषण बाढ़ है। उस साल मूसलाधार बारिश के कारण 26 लाख की आबादी वाला शहर सैलाब के पानी में डूब गया था और इसे एक सदी में होने वाली घटना करार दिया गया था।

क्वींसलैंड राज्य पुलिस ने सोमवार को बताया कि ब्रिसबेन में 59 वर्षीय एक शख्स रविवार को पैदल ही छोटी नदी पार करने करने की कोशिश कर रहा था जिस दौरान वह डूब गया।

क्वींसलैंड आपात सेवा ने गोल्ड कोस्ट शहर के हिस्सों में, दक्षिणी ब्रिसबेन में जानलेवा बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। क्वींसलैंड दमकल एवं आपात सेवा ने कहा है कि कई इलाकों से संपर्क टूट गया है।

बाढ़ के कारण सभी सात मौतें क्वींसलैंड राज्य में हुई हैं जिसकी राजधानी ब्रिसबेन है। ब्रिसबेन के उपनगरों में 2145 घर और 2356 दुकानें सोमवार तक पानी में डूब गए थे और पानी का स्तर बढ़ रहा है जिससे करीब 10,827 अन्य संपत्तियां आंशिक रूप से जलमग्न होने का खतरा है।

ब्रिसबेन के लॉर्ड मेयर एड्रियन स्क्रीनर ने बताया कि इस बार आई बाढ़ 2011 के सैलाब से अलग है, क्योंकि क्षेत्र में पांच दिन तक बारिश हुई है जबकि 2011 में ब्रिसबेन नदी के ऊफान पर जाने से कई दिन पहले बारिश रुक गई थी।

Share This Article