रूस पर अमेरिका के प्रतिबंधों से हम पर खास असर नहीं पड़ेगा: वायु सेना उप प्रमुख

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: वायु सेना उप प्रमुख एयर मार्शल संदीप सिंह ने बुधवार को कहा कि रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण भारतीय वायु सेना पर खास प्रभाव नहीं पड़ेगा और भारत के दोनों देशों के साथ संबंध मजबूत हैं।

सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम जानते हैं कि (इस समय) भू-राजनीतिक स्थिति कठिन है… रूस के साथ हमारे संबंध बरकरार रहेंगे।’’

रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य हमला शुरू किया था। अमेरिका समेत पश्चिमी देशों ने इस हमले के बाद रूस पर कड़े आर्थिक एवं अन्य प्रतिबंध लगाए गए हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण भारतीय वायु सेना पर कोई असर पड़ेगा, सिंह ने कहा, ‘‘चीजें अभी सामने आ रही हैं।

हमारी स्थिति बहुत मजबूत हैं और दोनों देशों के साथ हमारे संबंध (मजबूत) रहे हैं और आपने यह देखा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि कुछ मुश्किलें होंगी, लेकिन मुझे लगता है कि इनसे हम पर बहुत असर नहीं पड़ना चाहिए। मुझे भरोसा है कि इसके कारण हम पर खास असर नहीं पड़ेगा।’’

भारतीय वायु सेना उप प्रमुख ने कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए तीन विमान रवाना हो गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम भारतीयों को बाहर निकालने के लिए हर रोज चार उड़ान संचालित कर सकते हैं।’’

वायु सेना उप प्रमुख ने कहा कि सभी भारतीयों को वापस लाए जाने तक निकासी अभियान दिन-रात जारी रहेगा।

Share This Article