किन्नरों के प्राइड मार्च में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: पूर्वी सिहंभूम (जमशेदपुर) साकची बसंत टॉकीज के पास किन्नरों (थर्ड जेंडर) की प्राइड मार्च में शनिवार को राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता शामिल हुए।

इस अवसर मंत्री ने कहा कि ये शारीरिक तौर पर बेशक अधूरे हैं लेकिन पूरे इंसान हैं। इनमें वही संवेदनाएं हैं जो आम मनुष्यों में होती है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति ने इन्हें शारीरिक रूप से कमियां जरूर प्रदान की हैं लेकिन ये मानसिक तौर पर बहुत मजबूत होते हैं।

उन्होंने कहा कि ये अपने हौसले से आज अपने आप को हर क्षेत्र में स्थापित कर रहे हैं।

शबनम मौसी बनी देश की पहली किन्नर विधायक

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के आर्टिकल 14, 16 और 21 के तहत सुप्रीम कोर्ट ने यह व्यवस्था दी है कि किन्नर भी देश के नागरिक हैं और शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक स्वीकार्यता पर उनका समान अधिकार है।

उन्होंने बताया कि किन्नर समाज को शबनम मौसी पर गर्व है जो देश की पहली किन्नर विधायक बनी थीं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की मधु किन्नर ने मेयर पद का चुनाव जीता तो वहीं कोयंबटूर की पद्मिनी प्रकाश देश की पहली न्यूज एंकर बन कर इतिहास रच दिया।

उन्होंने कहा कि किन्नर मानवी बंधोपाध्याय पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में महिला कॉलेज की प्रिंसिपल बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में आज सरकारी एवं निजी सेक्टर में भी थर्ड जेंडर को नौकरी दी जा रही है अभी हाल में ही टाटा स्टील में भी थर्ड जेंडर को नौकरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि हमें थर्ड जेंडर के सर्वांगीण विकास के लिए आगे आकर इन्हें समाज के मुख्यधारा से जोड़ने का काम करने की जरूरत है।

इस अवसर पर वहां पर उपस्थित थर्ड जेंडरों द्वारा आवास की समस्या बताये जाने पर मंत्री ने कहा कि इस विषय पर वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे।

साथ ही यह भी कहा कि उनके क्षेत्र में कम्युनिटी सेंटर के माध्यम से इस समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।

Share This Article