राज्यपाल ने सिमडेगा में दो काॅलेजों का किया उद्घाटन

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सिमडेगा: राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड में बानो डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया।

राज्यपाल ने यहीं से सिमडेगा में नवनिर्मित महिला महाविद्यालय का भी ऑनलाइन उद्घाटन किया।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सिमडेगा में दो नये काॅलेजों के उद्घाटन के मौके पर अपने संबोधन में कहा कि मनुष्य के विकास के लिए शिक्षा अति आवश्यक है।

उन्होंने महिला शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना है ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें।

राज्यपाल ने कहा कि अधिकतर शैक्षणिक संस्थान शहरी क्षेत्र में होते हैं। शिक्षा गांव में लोगों के द्वार तक पहुंचनी चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों  में भी शिक्षा का प्रचार-प्रसार हो सके।

उन्होंने कहा कि दोनों कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में माइलस्टोन साबित होंगे।

मुर्मू ने सभी से अपील करते हुए कहा कि कॉलेज को अपना समझते हुए सभी लोग इसके विकास में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर राज्यपाल ने सुकन्या योजना के तहत दो छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये के चेक दिए ,वहीं दो दिव्यांगों को ट्राई साइकिल दी।

कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक विक्सल कोंगाड़ी,तोरपा विधायक कोचे मुंडा पुलिस अधीक्षक डॉ शम्स तब्रेज, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति रमेश कुमार पांडेय, उपकुलपति कामिनी कुमार सहित कई पदाधिकारी और आमलोग उपस्थित थे।

Share This Article