आतंकी सैफुल्लाह खालिद पाकिस्तान में ढेर, भारत के तीन बड़े हमलों का था मास्टरमाइंड

News Aroma
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Terrorist Saifullah Khalid killed: लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष आतंकी सैफुल्लाह खालिद उर्फ रजाउल्लाह निजामानी उर्फ अबू सैफुल्लाह को रविवार को पाकिस्तान के सिंध प्रांत के बदीन जिले के मटली में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर ढेर कर दिया।

वह लंबे समय तक नेपाल से आतंकी गतिविधियां संचालित करता था और हाल में सिंध में LeT की भर्ती और फंडिंग का जिम्मेदार था।

2006, नागपुर RSS मुख्यालय हमला

सैफुल्लाह ने महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय पर हमले की साजिश रची थी। आतंकी पुलिस की वर्दी में एंबेसडर कार से आए थे, लेकिन हमला करने से पहले नागपुर पुलिस ने तीनों आतंकियों को मार गिराया।

उनके पास AK-56 राइफल, हैंड ग्रेनेड और RDX बरामद हुआ। यह हमला LeT की भारत में हिंदू संगठनों को निशाना बनाने की साजिश का हिस्सा था।

2008, रामपुर CRPF कैंप हमला

उत्तर प्रदेश के रामपुर में 1 जनवरी 2008 को CRPF कैंप पर हुए फिदायीन हमले में सैफुल्लाह की अहम भूमिका थी। इस हमले में सात CRPF जवान और एक रिक्शा चालक मारे गए। आतंकियों ने AK-47 और ग्रेनेड से हमला किया।

NIA कोर्ट ने 2023 में तीन LeT आतंकियों-इमरान शहजाद, मोहम्मद फारूक और सबाउद्दीन-को उम्रकैद की सजा सुनाई। सैफुल्लाह इस हमले का मास्टरमाइंड था, जो नेपाल से ऑपरेशन को निर्देशित कर रहा था।

2005, बेंगलुरु IISc हमला

बेंगलुरु के भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) में 28 दिसंबर 2005 को हुए आतंकी हमले में सैफुल्लाह ने LeT के लिए साजिश रची। एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के बाद आतंकियों ने ऑडिटोरियम के बाहर गोलीबारी की, जिसमें IIT दिल्ली के प्रोफेसर मुनीश चंद्र पूरी की मौत हुई और चार अन्य घायल हुए। इस हमले में LeT का आतंकी अबू अनस शामिल था, जो अभी भी फरार है।

कौन था सैफुल्लाह खालिद?:

सैफुल्लाह खालिद LeT का वरिष्ठ कमांडर था, जिसे 2017 में अमेरिकी ट्रेजरी ने LeT और जमात-उद-दावा (JuD) का प्रमुख सदस्य नामित किया था। वह LeT के पेशावर मुख्यालय का प्रमुख और JuD के सेंट्रल पंजाब कॉर्डिनेशन कमेटी का हिस्सा था।

वह 2000 के दशक से नेपाल में ‘विनोद कुमार’ के फर्जी नाम से रह रहा था, जहां उसने स्थानीय महिला नगमा बानो से शादी की। नेपाल से वह LeT के लिए भर्ती, लॉजिस्टिक्स और भारत में आतंकी हमलों की साजिश रचता था।

भारतीय खुफिया एजेंसियों द्वारा नेपाल मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने के बाद वह पाकिस्तान भाग गया और सिंध के मटली में LeT की भर्ती और फंडिंग में जुटा था।

सैफुल्लाह को LeT संस्थापक हाफिज सईद का करीबी माना जाता था और वह भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी था।

Share This Article