धनबाद में बंद खदान में बड़ा हादसा, 4 की मौत

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad News: धनबाद के निरसा स्थित ECL मुगमा एरिया के बंद पड़े कापासारा आउटसोर्सिंग में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अवैध कोयला उत्खनन के दौरान अचानक चाल धसने से 4 लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान के अंदर कई और लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस–प्रशासन चुप!

हादसे की सूचना के बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस और ECL प्रबंधन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।धनबाद पुलिस ने भी फिलहाल चुप्पी साध ली है।

खदान में पसरा सन्नाटा, कपड़े और सामान बिखरे मिले

घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। खदान के मुहाने पर मजदूरों के कपड़े, जूते और अन्य सामान बिखरे पड़े मिले हैं, जिससे साफ है कि हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

अंदर और भी शव हो सकते हैं

स्थानीय निवासी ज्योति कुमारी और अंजू चटर्जी ने बताया कि यह बंद पड़ी खदान लंबे समय से अवैध खनन का अड्डा बनी हुई है। यहां रोजाना सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक सैकड़ों लोग कोयला निकालते हैं।

दोनों ने बताया कि आज की दुर्घटना में कम से कम चार लोगों के दबे होने की सूचना है। मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन स्थानीय कोयला माफिया शवों को छिपाने में जुटे हैं। उनका कहना है कि अगर खदान के मुहाने की ठीक से सफाई कर मलबा हटाया जाए, तो कई शव मिल सकते हैं।

ECL टीम मौके पर

घटना की जानकारी के बाद ECL की निरीक्षण टीम भी मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य अरुण कुमार ने माना कि खदान बंद होने के बाद भी यहां लगातार अवैध खनन होता रहता है।

उन्होंने बताया कि ECL की ओर से समय-समय पर खदान की भराई करवायी जाती है, लेकिन इसके बाद भी लोग सुरंग बनाकर कोयला निकाल लेते हैं।

Share This Article