Ranchi : विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) की दावोस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री Hemant Soren के नेतृत्व में झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने Tata Steel के शीर्ष अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बातचीत की। इस बैठक में टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी के तहत 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। इस संबंध में आशय पत्र (LoI) और सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर भी किए गए।

किस परियोजना में कितना निवेश होगा
प्रस्तावित निवेश के तहत तीन प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। हिरसाना ईजी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी में 7,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसके अलावा कॉम्बी मिल परियोजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये और टिनप्लेट विस्तार परियोजना के लिए 2,600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ये सभी योजनाएं पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी। इन परियोजनाओं में नीदरलैंड और जर्मनी की आधुनिक और उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार सृजन को सबसे ज्यादा महत्व दे रही है। उन्होंने बताया कि टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी झारखंड को हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनाने में मदद करेगी।
राज्य और देश दोनों को होगा फायदा
यह बड़ा निवेश झारखंड के खनिज आधारित औद्योगिक ढांचे को मजबूत करेगा। साथ ही यह ग्रीन एनर्जी और जलवायु के अनुकूल विकास से जुड़े देश के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी आगे बढ़ाने में सहायक होगा। इसी दौरान Hitachi ने भी बिजली, हाई-एंड ग्रिडिंग और उन्नत इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में निवेश का प्रस्ताव रखा।
WEF ने मुख्यमंत्री को किया सम्मानित
विश्व आर्थिक मंच की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को व्हाइट बैज देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही WEF ने क्रिटिकल मिनरल्स, नई ऊर्जा, जलवायु और जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर सहयोग से जुड़ा औपचारिक पत्र भी सौंपा। झारखंड का विजन-2050, WEF की समावेशी समाज की सोच से मेल खाता है।
स्वीडन ने झारखंड में अर्बन ट्रांसपोर्ट में निवेश को लेकर बातचीत आगे बढ़ाई है। अप्रैल में भारत-स्वीडन के बीच एक राउंड टेबल मीटिंग प्रस्तावित है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड वूमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की, जहां महिला राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
कौन-कौन रहा बैठक में शामिल
बैठक में टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टीवी नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेजेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने, वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सिलवाना कोच-मेहरिन, WEF से विराज मेहता, हिताची इंडिया के भारत कौशल और टेक महिंद्रा के साहिल धवन मौजूद थे।


