
A 7th-Grade Student was Shot in Broad Daylight : सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा इलाके में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दिया है। स्कूल से घर लौट रहे 13 वर्षीय छात्र को दिनदहाड़े गोली मार दी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल छात्र की पहचान अंकित आनंद के रूप में हुई है, जो एक निजी विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र है। बताया जा रहा है कि घटना सिमराहा चौक (Simraha Chowk) से करीब 100 मीटर पूर्व की है।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम लगभग 3:30 से 4:00 बजे के बीच अंकित स्कूल से घर लौट रहा था।
इसी दौरान लिट्टी-समोसा की एक दुकान के पास खड़े तीन युवकों में से एक ने अचानक उसकी कनपटी पर गोली चला दी। गोली सिर में फंस गई है, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार, छात्र को Ventilator पर रखा गया है। उसकी स्थिति गंभीर है और अगले कुछ घंटे काफी महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही Police मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
सदर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि खुलेआम हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
