धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिमराटांड़ में शुक्रवार की सुबह रुई फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे फैक्ट्री परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक मजदूर आंशिक रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। दमकल की टीम बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री के साथ-साथ आसपास की झाड़ियों तक फैल गई थीं। फैक्ट्री के आसपास पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की वजह से स्थानीय लोग और कर्मचारी आग पर काबू पाने में नाकाम रहे। बाद में दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

फैक्ट्री संचालक तारिक अनवर ने बताया कि यहां पुराने कपड़ों से रुई बनाने का काम किया जाता था। शुक्रवार सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। इस हादसे में रुई बनाने वाली मशीन, तैयार माल और एक मोबाइल फोन पूरी तरह जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि आग से करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फिलहाल शुरुआती रिपोर्ट में शॉर्ट सर्किट को ही मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो पायेगी।




