


Ranchi: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 21 वर्षीय पोते वीर सोरेन का कुल्लू मनाली में अचानक निधन हो गया। वीर, बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को भी इस दुखद खबर से अवगत करा दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ कुल्लू मनाली घूमने गए थे। ट्रिप के दौरान उन्होंने स्कीइंग का आनंद लिया। बताया जा रहा है कि स्कीइंग के बाद जब वे होटल लौटे, तो कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। घबराए दोस्तों ने बिना देर किए उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार और उनके करीबियों को गहरा सदमा लगा है। फिलहाल इस दुखद हादसे से पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है।
