सीएम ने खेलगांव शूटिंग रेंज परिसर का औचक निरीक्षण किया, अव्यवस्था देख जताई नाराजगी

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज परिसर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शूटिंग रेंज परिसर की आधारभूत संरचनाओं के रख-रखाव, शूटिंग उपकरणों, खिलाड़ियों की सुरक्षा मानक, प्रदान की जा रही खेल सुविधाओं के साथ अन्य व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज परिसर के रखरखाव की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्ति की। उन्होंने शूटिंग रेंज में खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, सुरक्षा मानकों, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही खिलाड़ियों के अभ्यास की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन करने के बाद कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण के दौरान शूटिंग परिसर की वर्तमान स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। मौके पर विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है। राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का गौरव बढ़ाया है। ऐसे में यहां के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।

ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाए, ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा का पूर्ण विकास कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के साथ-साथ युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी आधार है। राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तथा उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए आवश्यक कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किये जाएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। राज्य में खेलों के विकास हेतु दीर्घकालिक एवं प्रभावी रणनीति के साथ कार्य किये जाएं, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप यहां के शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण का माहौल तैयार हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां का संसाधन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के स्तर का है। निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त होने से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा।

मुख्यमंत्री ने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर शूटिंग संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेट के मॉक ड्रिल से संबंधित जानकारी प्राप्त करते हुए समय-समय पर मॉक ड्रिल कराने, सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

 

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।