


रांची: रांची नगर निगम ने लालपुर स्थित पीडब्ल्यू विद्यापीठ कोचिंग संस्थान को सील कर दिया है, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य संस्थानों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और भवन संबंधी मानकों को सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम द्वारा शहर में लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।





इसी अभियान के तहत शनिवार 5 सितंबर को नगर निगम की टीम ने लालपुर स्थित प्रणामी हाइट्स में संचालित पीडब्ल्यू विद्यापीठ की जांच की।
जांच में पाया गया कि संस्थान का संचालन बेसमेंट में किया जा रहा था, जो कि स्वीकृत भवन उपयोग और बायलॉज के नियमों का सीधा उल्लंघन है। निगम द्वारा पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद कमियों को दुरुस्त नहीं करने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोचिंग सेंटर को सील कर दिया।इसके साथ ही निगम की टीम ने हिनू स्थित बायोम इंस्टीट्यूट और ब्रदर्स एकेडमी की भी जांच की।
हालांकि, इन दोनों संस्थानों ने मांगे गए जरूरी दस्तावेज जमा करने के लिए थोड़ा समय मांगा है। संचालकों का दावा है कि उनके पास सभी आवश्यक कागजात मौजूद हैं और वे जल्द ही इन्हें निगम के समक्ष प्रस्तुत कर देंगे।
रांची नगर निगम ने साफ कर दिया है कि ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, वेंटिलेशन, पर्याप्त जगह, प्रवेश-निकास मार्ग और क्षमता के अनुसार नामांकन जैसे मानकों पर कोई समझौता नहीं होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों के खिलाफ आगे भी सीलिंग जैसी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
