टीम मुकेश अग्रवाल की पहल से ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं का निकला समाधान

टीम मुकेश अग्रवाल ने जालान रोड के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याएं सिटी एसपी के सामने रखीं। मालवाहक वाहनों के चालान पर राहत और ट्रांसपोर्ट नगर की पहल का आश्वासन मिला।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: चैंबर चुनाव को लेकर टीम मुकेश अग्रवाल का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में टीम व्यवसायियों की समस्याओं को सुनने के साथ-साथ उनके समाधान की दिशा में भी पहल कर रही है।

अपर बाजार के जालान रोड क्षेत्र में लंबे समय से सामने आ रही विभिन्न समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को लेकर टीम मुकेश अग्रवाल ने सिटी एसपी पारस राणा से मुलाकात की। इस दौरान टीम ने जालान रोड में मालवाहक वाहनों को लेकर व्यवसायियों की परेशानियों से सिटी एसपी को अवगत कराया। टीम की ओर से बताया गया कि जालान रोड क्षेत्र में कई मालवाहक ट्रकों एवं टेंपो का चालान काट दिया गया है।

साथ ही चालान काटने की कार्रवाई लगातार जारी है, जिससे व्यवसायियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में टीम की ओर से सिटी एसपी को ज्ञापन भी सौंपा गया।

मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि माल लोडिंग एवं अनलोडिंग करने वाले मालवाहक वाहनों का चालान नहीं काटा जाएगा।

साथ ही अब तक काटे गए चालानों में भी नियमानुसार रियायत देने की बात कही गई। मुलाकात के दौरान मुकेश अग्रवाल ने शहर में ट्रांसपोर्ट नगर शुरू करने की मांग भी रखी। इस पर सिटी एसपी ने कहा कि इस दिशा में जल्द ही डीसी, एसएसपी एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक पहल की जाएगी।

इसके अलावा जालान रोड क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण का मुद्दा भी टीम की ओर से उठाया गया। टीम ने कहा कि जालान रोड में बढ़ते व्यापारिक दबाव और आवागमन को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।

मुकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यवसायियों की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। अपर बाजार के जालान रोड में मालवाहक वाहनों के चालान और सड़क की स्थिति से व्यवसायियों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष बात रखी गई है।

सिटी एसपी द्वारा सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया है, जो व्यवसायियों के लिए राहत की बात है। मुलाताक करने वालें में मुकेश अग्रवाल, प्रवीण लोहिया, अमित अग्रवाल, विंदुल वर्मा, विजय सिंह, गोविंद अग्रवाल, सत्येंद्र अग्रवाल समेत अन्य लोग शामिल थे।

टीम के सदस्य सह प्रवक्ता अमित अग्रवाल ने कहा कि टीम मुकेश अग्रवाल ने हाल में सील किए गए कोचिंग संस्थानों के संचालकों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। संचालकों ने टीम के समक्ष अपनी परेशानियां और संस्थानों को सील किए जाने से उत्पन्न समस्याओं को रखा।

टीम ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष उचित स्तर पर मामला उठाने और समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा टीम मुकेश अग्रवाल ने इंडस्ट्रियल एरिया के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बैठक की।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में व्यवसायियों और उद्यमियों को आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क, यातायात, आधारभूत सुविधाओं सहित अन्य मुद्दों से टीम को अवगत कराया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।