


रांची: रांची में इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी (इमा) की ओर से संत जोसफ क्लब स्थित इमा के मुख्य प्रशिक्षण केंद्र में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में झारखंड को पदक दिलाने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।





इसके साथ ही बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा में सफल खिलाड़ियों को बेल्ट और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समारोह में आराध्य, दिव्यांश और दीप (यलो बेल्ट), अर्चित, आर्य और अभिराज (ऑरेंज बेल्ट), आराध्य गजपति (ब्लू बेल्ट) तथा अनाया, मृणालिनी और ध्रुव (ब्राउन बेल्ट) समेत कई खिलाड़ियों को बेल्ट सौंपी गई।
कार्यक्रम में KIO ट्राइबल एंड माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमीशन के चेयरमैन सह इमा के तकनीकी निदेशक रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान करने से उनका मनोबल बढ़ता है। इस आयोजन में सेंसई अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की और उमा शंकर महतो की मुख्य भूमिका रही।
वहीं, इमा कराटे स्टूडियो में शिक्षक दिवस का आयोजन भी धूमधाम से किया गया। रेंशी सुनील किस्पोट्टा और अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए खिलाड़ियों को बताया गया कि खेल और मार्शल आर्ट में गुरु का स्थान अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए सर्वोपरि है। खिलाड़ियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपने प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
आयोजन में राकेश तिर्की, कुंदन उरांव, अंजली कुमारी और रिवा टोप्पो समेत कई प्रशिक्षक व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
