दुखद संयोग: हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में 2023 से शिक्षा विभाग से जुड़े तीन मंत्रियों का निधन

झारखंड में 2023 के बाद शिक्षा विभाग से जुड़े तीन मंत्रियों जगरनाथ महतो, रामदास सोरेन और सुदिव्य कुमार का निधन हुआ, जो राज्य के लिए दुखद संयोग है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता एवं मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के साथ झारखंड में एक दुखद संयोग सामने आया है। वह 2023 के बाद राज्य में शिक्षा विभाग से जुड़े तीसरे ऐसे मंत्री थे, जिनका निधन हुआ है।

कुमार का निधन हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में 2019 के बाद किसी पदासीन मंत्री की मृत्यु का चौथा मामला भी है।

शिक्षा विभाग से जुड़े दो अन्य मंत्री-जगरनाथ महतो और रामदास सोरेन का निधन क्रमश: 2023 और 2025 में हुआ था।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री कुमार का रविवार तड़के गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी सहयोगी 56 वर्षीय कुमार एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकटमोचक के रूप में उभरे थे। रांची में नौकरी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हाल में छात्रों के आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से छात्रों से संवाद स्थापित करने के प्रयासों में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग संभालने वाले रामदास सोरेन का 15 अगस्त 2025 को दिल्ली में निधन हो गया था। उन्हें अपने आवास में गिरने के बाद सिर में गंभीर चोट लगी थी।

सोरेन से पहले इसी विभाग का जिम्मा संभालने वाले जगरनाथ महतो का लंबी बीमारी के बाद 6 अप्रैल 2023 को चेन्नई में निधन हो गया था।

कोविड-19 से जुड़ी फेफड़ों की क्षति के कारण उनकी सेहत लंबे समय से खराब थी। उन्होंने 2020 में फेफड़े का प्रतिरोपण भी कराया था।

इससे पहले राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री रहे हाजी हुसैन अंसारी का तीन अक्टूबर 2020 को कोविड-19 के बाद की जटिलताओं के कारण निधन हो गया था।

इन मौतों के बीच कोई ज्ञात संबंध नहीं है, लेकिन यह झारखंड के हालिया राजनीतिक इतिहास में उल्लेखनीय जरूर है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।