BREAKING: धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

Vinita Choubey
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: रांची और पटना के बाद अब धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। सुरक्षा को देखते हुए कोर्ट परिसर में मौजूद सभी 28 कोर्ट भवनों को खाली कराया गया। न्यायिक कार्यों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और डीएसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सुरक्षा एजेंसियां धमकी की सच्चाई और उसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।

12 फरवरी 2026 को रांची में भी मिली थी धमकी

इससे पहले 12 फरवरी 2026 को झारखंड की राजधानी रांची में समाहरणालय यानी डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई थी। इससे पहले रांची सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल सभी जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच जारी है।

 

Share This Article