

रांची: चुटिया थाना क्षेत्र के अमरावती कॉलोनी में ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान करीब 20 वर्षीय निखिल नायक और 19 वर्षीय सुशांत लोहरा के रूप में हुई है।





पुलिस के अनुसार, 8 और 9 मई की दरमियानी रात चोरों ने ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया था। दुकान से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकद रुपये भी चोरी किए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू की। संदिग्धों की पहचान में AI तकनीक की भी मदद ली गई।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से करीब 142.210 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 493.300 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। इनमें लाल रंग का ट्राउजर, काले रंग की टी-शर्ट और भूरे रंग का जैकेट शामिल है।
पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
