
रांची : पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मौत मामले में अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस और दोस्तों के अनुसार 23 फरवरी 2026 को वीर अपने दोस्तों के साथ सोलंग और सेथन घूमने गए थे। उसके अगले दिन यानी 24 फरवरी की दोपहर लगभग 12:30 बजे वे फिर मनाली के अपने होम स्टे लौटे। वापस आने के बाद उनको अचानक सिर सें दर्द शुरू हो गया। जिसके बाद दोस्तों ने उन्हें ब्लिंकिट से दवाई मंगाकर दी। दवा खाने के बाद वे सो गए। दोपहर 2:30 बजे जब वे जागे तो सिर में चक्कर आने की वजह से गिर पड़े। इसके बाद उनके दोस्त उन्हें आनन-फानन में मनाली सिविल अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अस्पताल ले जाते समय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वीर सोरेन के मुंह से झाग निकल रहा था।
क्या कह रहे हैं कुल्लू के एसपी?
वहीं इस मामले को लेकर कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि मनाली प्रवास के दौरान वीर सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले की पूरी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोस्तों और अस्पताल प्रशासन के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
