रांची में स्मार्ट पावर सब स्टेशन की तैयारी, लोड शेडिंग से मिलेगी निजात

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची के नामकुम और टाटीसिलवे क्षेत्र में स्मार्ट पावर सब स्टेशन और ग्रिड निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और विश्वसनीय बनाने की दिशा में यह अहम कदम उठाया गया है। केंद्र प्रायोजित आरडीएसएस योजना के तहत नामकुम के केतारी बगान के आसपास तथा टाटीसिलवे में स्वर्णरेखा नदी के निकट प्रस्तावित स्थलों पर नए सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से नामकुम, चुटिया, टाटीसिलवे सहित आसपास के कई मोहल्लों और औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

नामकुम और चुटिया क्षेत्र में लगातार लोड शेडिंग, जंपर उठने और फ्यूज उड़ने जैसी समस्याएं सामने आती रही हैं। अधिक बिजली लोड के कारण ये समस्याएं आम हो गई हैं। नए सब स्टेशन के निर्माण से इन क्षेत्रों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव में काफी कमी आने की संभावना है। वहीं टाटीसिलवे क्षेत्र, जो अक्सर लोड शेडिंग से प्रभावित रहता है, वहां के उपभोक्ताओं को भी स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

बिजली विभाग के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने बताया कि आरडीएसएस योजना के पहले चरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि दूसरे चरण में सब स्टेशन और ग्रिड निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि नए पावर सब स्टेशनों का निर्माण क्षेत्र की वर्तमान और भविष्य की जनसंख्या तथा बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखकर किया जाएगा। हालांकि योजना के क्रियान्वयन में सबसे बड़ी चुनौती सरकारी भूमि की उपलब्धता है। विभागीय अधिकारी उपयुक्त जमीन की तलाश में जुटे हैं। यदि समय पर भूमि आवंटन नहीं हो सका, तो योजना को अन्य डिविजन में स्थानांतरित किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

Share This Article