
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके बोड़ाम थाना के मिर्जाडीह गांव में पुलिस ने सोमवार शाम को लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया। मिर्जाडीह के एक बंद घर में चल रहे इस अवैध धंधे पर छापेमारी के दौरान गिरोह के सरगना सुमित कुमार और पांच महिलाओं को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
खबरों के मुताबिक, बोड़ाम थाने को मिर्जाडीह गांव के एक बंद घर में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। मामले की पुष्टि होने के बाद बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सोमवार शाम को अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के अंदर से संचालक सुमित कुमार और पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामान और मोबाइल फोन भी बरामद किए। सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए बोड़ाम थाने लाया गया है। DSP बचनदेव कुजूर ने बताया कि सालों पहले मिर्जाडीह गांव में भी इसी तरह का सेक्स रैकेट चलता था। उस समय स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के सहयोग से इस अनैतिक धंधे को बंद कराने के लिए अभियान चलाया था। लेकिन, पिछले कुछ महीनों में सुमित नाम के एक आदमी ने एक बंद घर की आड़ में यह गैर-कानूनी धंधा फिर से शुरू कर दिया है। पुलिस अब इस रैकेट के कनेक्शन और इसमें शामिल अलग-अलग लोगों की जगहों की जांच कर रही है। वे यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या यह गैंग किसी रसूखदार व्यक्ति के संरक्षण में था।
