
रांची : रांची जिला प्रशासन ने रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने और ध्वनि प्रदूषण से संबंधित मिल रही शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में रातू के सिमलिया क्षेत्र स्थित पांच बैंक्वेट हॉल का निरीक्षण किया गया।
संचालकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उनके निर्देश पर बीती रात अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत के नेतृत्व में स्थानीय थाना प्रभारी और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने सिमलिया क्षेत्र के पांच बैंक्वेट हॉल का निरीक्षण किया।
बताया गया कि दुल्हन बैंक्वेट हॉल में किसी प्रकार का कार्यक्रम संचालित नहीं पाया गया। वहीं विवाह बैंक्वेट हॉल में एक कार्यक्रम चल रहा था, लेकिन वहां किसी प्रकार का ध्वनि प्रदूषण नहीं पाया गया। इसके अलावा फोकस बैंक्वेट हॉल में भी कोई कार्यक्रम संचालित नहीं था।
