
Palamu SIR 2026 Voter Verification : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता गणना फॉर्म के वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर पलामू के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत गुरुवार को कई मतदान केंद्रों के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी काम तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
निरीक्षण की शुरुआत हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-121 से हुई, जहां अब तक केवल 11 प्रतिशत फॉर्म ही वितरित किए गए थे। उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ से इसकी वजह पूछी और घर-घर जाकर अभियान तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने खुद भी कुछ गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद उन्होंने देवरी खुर्द स्थित मतदान केंद्र संख्या-136, 137 और 138 का निरीक्षण किया। बूथ संख्या-136 पर 100 प्रतिशत फॉर्म वितरण की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने रिकॉर्ड का सत्यापन कराया। साथ ही निर्देश दिया कि बीएलओ ऐप में वही जानकारी अपलोड की जाए, जो वास्तविक प्रगति के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को कई बूथों तक पहुंचने के लिए कच्चे रास्तों और पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा कि भौगोलिक चुनौतियां चाहे जैसी भी हों, हर पात्र मतदाता तक पहुंचकर समय पर फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना सभी संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी है।
इसके बाद उपायुक्त ने छतरपुर प्रखंड कार्यालय, नवाबाजार प्रखंड सभागार और पड़वा प्रखंड के पंचायत सचिवालय में चल रहे डिजिटाइजेशन कैंप का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों को रोजाना तय लक्ष्य के अनुसार फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

