
RIMS Ranchi : रिम्स में आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ डीके सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में चिकित्सा अधीक्षक, आयुष्मान भारत के नोडल पदाधिकारी, विभिन्न क्लीनिकल विभागों के विभागाध्यक्ष और अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और सुदृढ़ बनाने के लिए कई कड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में सी-डैक द्वारा विकसित ऑनलाइन हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम की प्रगति की समीक्षा की गई और इससे संबंधित सभी लंबित कार्यों को एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही अब रिम्स के सभी विभागों में मरीजों की भर्ती और छुट्टी की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत ऑनलाइन लागू करने पर विशेष बल दिया गया है, ताकि पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जा सके।
योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र मरीजों को लाभ पहुंचाने और उपचार सेवाओं के दायरे को बढ़ाने की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिसके लिए आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक और मानव संसाधन संबंधी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।
इस डिजिटल बदलाव और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए रिम्स प्रबंधन डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य संबंधित कर्मियों के लिए चरणबद्ध व समेकित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है।
बैठक के अंत में निदेशक ने स्पष्ट रूप से कहा कि आयुष्मान भारत योजना का मूल उद्देश्य पात्र मरीजों को उच्च गुणवत्तायुक्त और कैशलेस इलाज मुहैया कराना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए संस्थान के सभी विभागों का आपसी समन्वय, डिजिटल प्रणालियों का प्रभावी क्रियान्वयन और हर कार्य का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है।

