रांची में 15 मार्च से महिला अंडर-23 क्रिकेट नॉकआउट मुकाबले शुरू, देशभर की 10 टीमें लेंगी हिस्सा

रांची में 15 से 22 मार्च तक महिला अंडर-23 क्रिकेट नॉकआउट टूर्नामेंट होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की 10 टीमें भाग लेंगी और फाइनल जेएससीए स्टेडियम में खेला जाएगा।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में 15 मार्च से 22 मार्च तक महिला अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की 10 टीमें हिस्सा लेने के लिए रांची पहुंच रही हैं।

प्रतियोगिता में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, मुंबई, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और कर्नाटक की टीमें शामिल होंगी। टूर्नामेंट का पहला प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला 15 मार्च को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के बीच जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दूसरा प्री-क्वार्टर फाइनल मध्य प्रदेश और बंगाल के बीच ऊषा मार्टिन यूनिवर्सिटी ग्राउंड में आयोजित होगा।

इसके बाद अगले दौर के मुकाबलों के जरिए फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का फैसला होगा। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 22 मार्च को जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि बीसीसीआई द्वारा आयोजित महिला अंडर-23 नॉकआउट मुकाबलों की मेजबानी करना झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास, सुरक्षा और मैच संचालन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

टीमें 13 और 14 मार्च को रांची में नेट प्रैक्टिस करेंगी। बीसीसीआई द्वारा नियुक्त मैच ऑफिशियल, अंपायर, मैच रेफरी और वैन्यू मैनेजर भी रांची पहुंच चुके हैं। मैचों का आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जाएगा।

इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट के आयोजन से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को उच्च स्तर का खेल देखने का अवसर मिलेगा और राज्य में महिला क्रिकेट को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Share This Article