
नयी दिल्ली: एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस बुधवार को पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली 50 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। इस संबंध में एअर इंडिया ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इनमें से 26 निर्धारित उड़ानें होंगी और 24 अनियमित उड़ानें होंगी।
पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण उड़ान संचालन की बढ़ती मांग को देखते हुए एअर इंडिया ने 19 से 28 मार्च के बीच यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए पांच रूटों पर 36 अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करने की भी घोषणा की है। शेड्यूल्ड उड़ानें पूर्व-निर्धारित समय और मार्ग पर चलने वाली नियमित कमर्शियल सेवाएं हैं, वहीं, नॉन-शेड्यूल्ड उड़ानें चार्टर या प्राइवेट फ्लाइट्स होती हैं जो मांग के आधार पर चलती हैं। एयर इंडिया ने मंगलवार को बयान में कहा कि वह दिल्ली-लंदन (हीथ्रो), मुंबई-लंदन (हीथ्रो), दिल्ली-फ्रैंकफर्ट, दिल्ली-ज्यूरिख और दिल्ली-टोरंटो मार्गों पर अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी। इन उड़ानों से पांच मार्गों पर 10,012 सीटें बढ़ेंगी।

