लातूर : महाराष्ट्र के लातूर में वंचित विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर एक सामाजिक संगठन के लिए चंदा जुटाने और कथित तौर पर उस राशि को अपने निजी बैंक खाते में जमा कराने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। आरोपी प्रशांत प्रभाकर सुरवसे के खिलाफ 25 नवंबर को लातूर के साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। इस संबंध में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक संजय काले ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, सामाजिक संगठन ‘समता फाउंडेशन’ के इंस्टाग्राम पेज पर इस साल जुलाई में एक पोस्ट अपलोड की गई थी, जिसमें नागरिकों से वंचित विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सामग्री खरीदने के वास्ते आर्थिक योगदान देने की अपील की गई थी। पोस्ट में कथित तौर पर चंदा देने के लिए एक क्यूआर कोड भी दिया गया था। शिकायत में कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने 22 सितंबर को क्यूआर कोड स्कैन कर 100 रुपये चंदे के रूप में हस्तांतरित किए। हालांकि, लेनदेन की जांच करने पर उन्हें पता चला कि यह राशि फाउंडेशन के आधिकारिक खाते के बजाय सुरवसे के निजी बैंक खाते में जमा हुई थी।
संगठन के पंजीकरण दस्तावेजों और ऑडिट रिपोर्ट की आगे जांच करने पर कई विसंगतियां सामने आईं, जिससे फाउंडेशन के नाम के कथित दुरुपयोग और चंदा जुटाने के तरीके पर संदेह पैदा हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुरवसे के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।


