कोझिकोड (केरलम): केरलम में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की अटकलों के बीच कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने पार्टी में किसी भी तरह की खींचतान से इनकार किया है। दरअसल, शुक्रवार को कोझिकोड में पार्टी सांसद शफी परम्बिल के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) कार्यालय समेत कई जगहों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए गए थे।
ये बोर्ड कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन की ओर से परम्बिल के खिलाफ की गई टिप्पणियों के बीच लगाए गए हैं। उन्नीथन ने पार्टी में हाल में सामने आए आंतरिक मतभेदों और गुटबाजी को लेकर परम्बिल पर निशाना साधा था।

पार्टी नेताओं के अनुसार, परम्बिल के समर्थन में कथित तौर पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए फ्लेक्स बोर्ड बृहस्पतिवार को कन्नूर और पलक्कड़ जिलों के विभिन्न स्थानों पर भी दिखाई दिए थे। कोझिकोड जिले में भी ऐसे ही बोर्ड लगाए गए, जिनके बारे में दावा किया गया कि इन्हें युवा कांग्रेस ने लगाया है। ये बोर्ड जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, क्रिश्चियन कॉलेज जंक्शन और वडकारा के पास दिखाई दिए।
हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि डीसीसी कार्यालय के पास लगा फ्लेक्स बोर्ड शुक्रवार सुबह तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हटा दिया था।
पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, इन बोर्डों में उन्नीथन का सीधे तौर पर कोई उल्लेख नहीं किया गया था, लेकिन परम्बिल की प्रशंसा की गई थी।
पत्रकारों से बातचीत में सिद्दीकी ने परम्बिल के समर्थन में फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाने को लेकर कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि परम्बिल पार्टी के एक प्रमुख नेता हैं और उन्हें अपना समर्थन दिखाने के लिए ऐसे बोर्डों की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘परम्बिल ऐसे नेता नहीं हैं, जिन्हें समर्थन जताने या आगे बढ़ने में मदद करने के लिए फ्लेक्स बोर्ड लगाने की जरूरत हो। वह केरलम के सबसे महत्वपूर्ण और सक्षम नेताओं में से एक हैं और उनमें काफी संभावनाएं हैं। उनके समर्थन में बोर्ड लगाने की कोई जरूरत नहीं है।’’
सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मिलकर आगे बढ़ेंगे तथा पार्टी के भीतर जरूरी विचार-विमर्श किए जाएंगे।
सिद्दीकी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के भीतर चल रही खींचतान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने ई. पी. जयराजन और पी. जयराजन के बीच एक-दूसरे के खिलाफ की गई शिकायतों का हवाला दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या हमने कभी माकपा जैसे राजनीतिक संगठन में ऐसी स्थिति देखी है, जहां दो वरिष्ठ नेता एक-दूसरे के खिलाफ औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराएं और आमने-सामने आ जाएं? हमने पहले भी जयराजन परिवार के दोनों नेताओं के बीच विवादों के बारे में सुना है, लेकिन मामला सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। इस विवाद के पीछे के संबंधों की पड़ताल करने पर इसमें वरिष्ठ नेताओं की संलिप्तता के संकेत मिलते हैं।’’
सिद्दीकी ने कहा कि माकपा इस तरह के गंभीर आंतरिक संकट का सामना कर रही है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया, जबकि कांग्रेस में ऐसी कोई समस्या या इस स्तर की अशांति नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए सभी नेता महत्वपूर्ण हैं और पार्टी किसी को भी बाहर करने या नजरअंदाज करने का जोखिम नहीं उठा सकती। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है।
यह विवाद कांग्रेस के भीतर बोर्डों और निगमों में नियुक्तियों में देरी को लेकर असंतोष के बीच सामने आया है। आरोप है कि कांग्रेस के ‘ए’ गुट ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से शिकायत की थी कि सरकार के फैसलों पर उनके साथ चर्चा नहीं की जा रही है।
इसके जवाब में उन्नीथन ने कहा कि परम्बिल कांग्रेस में ‘ए’ गुट का हिस्सा नहीं हैं। इस गुट का नेतृत्व केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी करते थे। उन्नीथन ने कहा कि परम्बिल को ‘ए’ गुट का सदस्य मानना मूर्खता होगी।
उन्नीथन की टिप्पणियों के बाद परम्बिल के करीबी माने जाने वाले नेताओं ने सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू कर दी। इन नेताओं ने पार्टी में उन्नीथन की पिछली भूमिकाओं और उनके निलंबन का भी हवाला दिया।
उन्नीथन ने आरोप लगाया कि ये हमले सुनियोजित हैं और फर्जी सोशल मीडिया खातों के जरिए किए जा रहे हैं।
सांसद ने दोहराया कि यदि ये हमले जारी रहे, तो उन्हें कई सच्चाइयों का खुलासा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी डायरी में कई राज दर्ज कर रखे हैं।
परम्बिल और उन्नीथन क्रमशः वडकारा और कासरगोड लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
Also read:कांपा (शप) ने सांसदों को 30 नवंबर से लोकसभा में उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया


