
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) की तिथि में बदलाव करते हुए नई तारीख 26 अप्रैल घोषित की है। इससे पहले आयोग ने परीक्षा की संभावित तिथि 29 मार्च तय की थी, लेकिन अब यह परीक्षा उस दिन आयोजित नहीं की जाएगी।
आयोग ने इस संबंध में सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र भेजकर नई तिथि की जानकारी दे दी है और परीक्षा केंद्रों की सूची दोबारा उपलब्ध कराने को कहा है। हालांकि, अब तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अभ्यर्थियों के लिए इस बदलाव की सूचना जारी नहीं की गई है, जिससे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
यह परीक्षा राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक बनने के लिए आवश्यक अर्हता निर्धारित करती है। खास बात यह है कि इस बार जेट परीक्षा के माध्यम से पीएचडी में नामांकन भी किया जाएगा। ऐसे में यह परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
