
Contract Labour Strike ends in Jadugoda: यूरेनियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूसीआईएल) के भाटिन यूरेनियम प्रोजेक्ट में 16 मार्च से चल रहा ठेका कर्मियों का हड़ताल अब समाप्त हो गया है।
इस मामले को सुलझाने के लिए केंद्रीय सहायक श्रमायुक्त चाईबासा शशांक संजीव की पहल पर त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बातचीत सफल रहने के बाद शुक्रवार को ए-शिफ्ट से ही मजदूर दोबारा काम पर लौट गए।
वार्ता से निकला समाधान
जानकारी के अनुसार, चार दिनों से बंद पड़ी खदान में अब उत्पादन फिर से शुरू हो गया है। यह पहली बार हुआ जब हजारीबाग और चाईबासा के श्रमायुक्त की निगरानी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हड़ताल खत्म कराई गई। वार्ता के दौरान ठेका कर्मियों की समस्याओं को सुना गया और समाधान पर सहमति बनी।
कंपनी को मिली चेतावनी
बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ ठेका कर्मचारियों को श्रम कानून के तहत मिलने वाली मूल सुविधाएं नहीं मिल रही थीं। इस पर यूसीआईएल प्रबंधन की ठेका कंपनी एम.एफ.बी जियोटेक को कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई।
मजदूरों की मांगों पर बनी सहमति
इस वार्ता में मजदूरों की कई महत्वपूर्ण मांगों को मान लिया गया। इनमें कैंटीन सुविधा शुरू करना, बी.टी.सी ट्रेनिंग का भुगतान, तकनीकी ग्रेड के कर्मचारियों को स्किल्ड वेतन देना शामिल है।
इसके अलावा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 30 लाख रुपये मुआवजा, हर महीने उत्पादन आधारित इंसेंटिव, रात का भत्ता 60 रुपये प्रतिदिन, वेतन पर्ची (सैलरी स्लिप) देने और साल में 24 दिन अर्जित छुट्टी, 12 दिन आकस्मिक छुट्टी व 12 दिन मेडिकल छुट्टी देने पर सहमति बनी।
स्थानीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खत्म हुआ विवाद
वार्ता में झामुमो के स्थानीय नेता और ग्रामीण प्रतिनिधि भी शामिल रहे। समझौता होने के बाद सभी पक्षों ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया। इसके बाद मजदूरों ने काम पर लौटकर उत्पादन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई है।

