लातेहार में जंगल से युवक-युवती का शव बरामद, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

लातेहार के मनिका क्षेत्र में जंगल से युवक-युवती का शव बरामद, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Latehar News : लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र में जंगल से युवक और युवती का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मनिका थाना क्षेत्र के कोपे पंचायत स्थित गेरुआ गांव के पास जंगल में शुक्रवार सुबह ग्रामीण मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर दोनों शवों पर पड़ी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी प्रभात दास के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है।

थाना प्रभारी प्रभात दास ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 1 मई को लातेहार सदर थाना क्षेत्र के रिचुघुटा इलाके में रेलवे लाइन के पास एक प्रेमी युगल का शव मिला था। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने से इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।