
रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन श्री राम-जानकी तपोवन मंदिर पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। मंदिर पहुंचते ही महावीर मंदिर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री को भगवा पट्टा पहनाकर पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए थे।
मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पूजा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महावीर जयंती का पर्व हमें साहस, सेवा और समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
इधर, श्री राम-जानकी तपोवन मंदिर में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा मंदिर परिसर राममय हो गया है। श्रद्धालु अपने हाथों में महावीर झंडे लेकर तपोवन मंदिर पहुंच रहे हैं।
बता दें कि मंदिर का मुख्य द्वार सुबह 5:30 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया था और भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं।
