
रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। इसका असर राजधानी रांची समेत 13 जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान फिर से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
29 मार्च को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि 29 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। यहां आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। इसका असर साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना जताई गई है।

