
रांची: राजधानी रांची के सबसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र अपर बाजार को अब एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण-मुक्त स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो चुकी है। रांची नगर निगम ने इस दिशा में बड़ी पहल करते हुए एक व्यापक कार्ययोजना बनाई है।
इस सिलसिले में शुक्रवार 31 जुलाई को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों संग क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने हरमू रोड स्थित शनि मंदिर से लेकर कार्ट सराय रोड, श्री राम जानकी मंदिर परिसर, जालान रोड, वेस्ट व नॉर्थ मार्केट रोड और चुरुवाला गली तक का दौरा कर वर्तमान व्यवस्था, पार्किंग समस्याओं और निगम संपत्तियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि शनि मंदिर के पीछे और श्री राम जानकी मंदिर के पास की लगभग 1.34 एकड़ निगम भूमि पर आवंटन अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध कब्जा बना हुआ है। नगर आयुक्त ने इस भूमि को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण-मुक्त कराने का निर्देश दिया है ताकि इस जमीन का उपयोग जनहित और शहर के विकास में किया जा सके।
इसके अलावा, अपर बाजार के वेस्ट-नॉर्थ मार्केट रोड और चुरुवाला गली में फैली निगम की 4.39 एकड़ भूमि पर स्थित 608 पुरानी व जर्जर दुकानों की जगह एक नया व भव्य मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी है। इसके लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कॉम्प्लेक्स बनने के दौरान पुराने दुकानदारों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा, वहीं पारदर्शी व्यवस्था के तहत नए व्यवसायियों को भी दुकानें दी जाएंगी।
अपर बाजार में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए धर्मशाला के समीप निगम की भूमि से दुकानें हटाकर प्रस्तावित मल्टी-लेवल पार्किंग का काम तेजी से शुरू किया जाएगा। वहीं, जालान रोड स्थित ऐतिहासिक ‘बिहारी धर्मशाला’ का जीर्णोद्धार (नवीनीकरण) कर इसे फिर से संचालित किया जाएगा। अब लोग शादी-विवाह, सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए इसकी ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकेंगे।
सड़क हादसों और जाम से राहत के लिए जालान रोड पर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। बिना अनुमति चल रही व्यावसायिक गतिविधियों, होल्डिंग टैक्स व ट्रेड लाइसेंस की अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही सड़कों पर लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले गोदामों और प्रतिष्ठानों पर तत्काल रोक लगाने तथा अवैध रूप से संचालित परिसरों को सील करने की चेतावनी दी गई है।
नगर आयुक्त ने कहा कि निगम का मकसद सिर्फ अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि व्यापारियों, खरीदारों और आम नागरिकों के लिए अपर बाजार में एक सुरक्षित, आधुनिक और व्यवस्थित व्यापारिक माहौल तैयार करना है।

