
Short Circuit Causes Massive fire in Patna : पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में रात को एक बिल्डिंग में आग लगने की घटना हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। यह घटना दलदली रोड पर प्रेम कुमार के घर में रात लगभग 2:30 बजे हुई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई। मकान के नीचे तेल मिल होने की वजह से स्थिति और भी गंभीर हो गई। आसपास के लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 5:30 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में घर के अंदर रखे फर्नीचर, फ्रिज और अन्य सामान जलकर राख हो गए, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अग्निशमन विभाग अब आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

