
Aditya Sahu Said : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित आवास पर प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कुसुंबा की बेटी के साथ हुए दुष्कर्म और फिर उसकी जघन्य हत्या पर हेमंत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में आज बेटियां असुरक्षित हैं। विधि व्यवस्था ध्वस्त है और अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा।
श्री साहू ने कहा कि झारखंड में कानून का शासन समाप्त हो चुका है। यहां अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही।अपराधी गुंडे जैसा चाह रहे वैसा कर पाने में सफल हैं।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद भाजपा ने इस जघन्य अपराध के खिलाफ राज्यभर में आंदोलन शुरु किया है। कुसुंबा की निर्भया के परिवार के साथ पार्टी खड़ी है। उसके मजदूर पिता को घर लौटने में पार्टी के सांसद और विधायकों ने मदद की, परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
अगले दो दिनों में यदि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 2 अप्रैल को भाजपा जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकालकर विरोध करेगी और 3 अप्रैल को झारखंड को बंद कराया जाएगा।
कुसुंबा की निर्भया की आत्मा को तभी शांति मिलेगी जब उसके अपराधी फांसी के फंदे पर झूलेंगे। प्रेसवार्ता में उपाध्यक्ष और सांसद डॉ प्रदीप वर्मा तथा ढुल्लू महतो भी उपस्थित रहे।
