

रांची : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची के गोस्सनर कॉलेज में आज सुबह 8:30 बजे तिरंगा फहराया गया। कॉलेज की प्रिंसिपल एलानी पूर्ति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद कॉलेज परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी नृत्य, देशभक्ति गीत और कई अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इसके अलावा कॉलेज के अलग-अलग विभागों के छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




इस अवसर पर एंथ्रोपोलॉजी विभाग के एचओडी एस.के. मुर्मू ने विशेष भाषण दिया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को देश की एकता, जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, नॉन-टीचिंग स्टाफ, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दो एंकरों ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों से पूरे कॉलेज परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में कॉलेज परिवार की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

