
रांची :रांची में इन दिनों डकैतों ने लगातार पेट्रोल पंपों पर डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया है। इस मामले के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल उठ रहे हैं। इस डकैती मामले के मुख्य आरोपी तल्हा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, डकैत तल्हा खान अपनी गर्लफ्रेंड के साथ आगरा फरार हो रहा था। वह रांची के हिंदपीढ़ी का रहने वाला है। हाल के दिनों में पुंदाग, बीआईटी और टाटीसिल्वे इलाके में डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से जोर-शोर से पूछताछ कर रही है।
रांची पुलिस ने अपनी कार्रवाई के तहत पेट्रोल पंप डकैती कांड में अब तक कुल दस डकैतों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य डकैत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी और पूछताछ में जुटी हुई थी। तल्हा खान पुलिस की टेक्निकल टीम से बचने के लिए लगातार अपनी गर्लफ्रेंड के मोबाइल का इस्तेमाल कर अपने साथियों से संपर्क में था। पुलिस की टेक्निकल टीम को इसकी जानकारी मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार डकैतों से पूछताछ जारी है। पूछताछ के दौरान डकैतों ने बताया कि वे जल्दी बड़ा आदमी बनने का सपना देखते थे। डकैतों की रहन-सहन और खान-पान से लोग प्रभावित होते थे, जिससे अन्य युवक भी उनके समूह में शामिल हो जाते थे। इसके बाद आपराधिक वारदात को अंजाम देने पर उन्हें दस हजार रुपये दिए जाते थे।
