

Jamtara Firing : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक जूता व्यवसायी के घर और गोदाम को निशाना बनाया। कानगोई इलाके में स्थित ‘राजू फुटवेयर’ के संचालक के ठिकानों पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।




प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है। अपराधी बिना किसी चेतावनी के पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस मामले में एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी और थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे भी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे और जांच का जायजा लेते रहे।
फुटवेयर व्यवसायी राजू प्रसाद ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग से उनके परिवार और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। वहीं, इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

