
रांची : झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
4 और 5 अप्रैल को बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 2 और 3 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा। वहीं 4 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा और धनबाद सहित कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसके अगले दिन यानी 5 अप्रैल को पूरे राज्य में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के दूसरे और तीसरे सप्ताह से तापमान में तेजी से वृद्धि होने के संकेत हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। स्थिति को देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
रिकॉर्ड तापमान के करीब पहुंच सकता है पारा
पिछले वर्षों के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2016 में रांची का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, जबकि 2022 में यह 41.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इस वर्ष भी तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री रहने का अनुमान है।
खेती और स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर
मौसम में इस बदलाव का असर खेती पर भी पड़ सकता है। तेज हवा, बारिश और संभावित ओलावृष्टि से फल और सब्जियों को नुकसान होने की आशंका है। आम के टिकोले प्रभावित हो सकते हैं, जबकि दलहन फसलों में फफूंद रोग का खतरा बढ़ सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे सब्जियों की नर्सरी को पॉलीहाउस या पॉलीथिन से सुरक्षित रखें।
साथ ही आम लोगों को भी दोपहर के समय लू और गर्म हवाओं से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
