
Jamtara Accident News : जामताड़ा -मिहिजाम मुख्य सड़क पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, जामताड़ा की ओर से आ रही एक ग्लोस्टर कार (BR09AS1639) काफी तेज गति में थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन पर समस्तीपुर भाजपा जिला उपाध्यक्ष का बोर्ड भी लगा हुआ था। इसी दौरान सिटी हॉस्पिटल के पास एक स्कूटी शोरूम में सामान उतारने के लिए कंटेनर (NL 01 AD 0678) खड़ा था।
तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे कंटेनर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों सवार वाहन के अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बजरंग दल के जिला संयोजक राकेश पाल ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए PMCH Dhanbad रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान संजीव सिंह और संजय सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है।
