
Ramgarh Encounter : राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गठित एसआईटी टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा क्षेत्र में घूम रहा है और अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर एसआईटी टीम ने भुरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में सूचना मिली कि भुरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।

छापेमारी के दौरान संदिग्ध अपराधी ने पुलिस वाहन को देखते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली थाना प्रभारी पतरातू की गाड़ी के शीशे और बंपर में लगी, हालांकि थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें फायरिंग कर रहा अपराधी सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पूछताछ में घायल अपराधी ने अपना नाम सनी सिंह, ग्राम रेलीगढ़ा बताया। पुलिस ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार करते हुए उसे घायल अवस्था में भुरकुंडा स्थित सीसीएल अस्पताल भेज दिया।

घटनास्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
