रांची: हटिया स्टेशन पर ऑपरेशन नारकोस! RPF ने 16.9 किलोग्राम गांजा किया बरामद, तस्कर गिरफ्तार

रांची रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन नारकोस के तहत 16.9 किलो गांजा बरामद, आरोपी विशाल पुरकायत गिरफ्तार, रेलवे सुरक्षा बल और CIB टीम ने मादक पदार्थ तस्करी पर कड़ा पहरा.

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची रेल मंडल में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए “ऑपरेशन नारकोस” शुरू किया है। इसी अभियान के तहत 8 अप्रैल 2026 को हटिया रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 और फुट ओवर ब्रिज के नीचे एक युवक संदिग्ध हालत में ट्रॉली बैग के साथ बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल पुरकायत (25 वर्ष) बताया। वह महराटोली, रेलवे क्वार्टर के पीछे, थाना जगन्नाथपुर, रांची का रहने वाला है।

पूछताछ में विशाल ने स्वीकार किया कि उसकी ट्रॉली बैग में प्लास्टिक में लिपटा गांजा रखा हुआ है। तुरंत सूचना मिलने पर एएससी/आरपीएफ रांची मौके पर पहुंचे और विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक नीले रंग की ट्रॉली बैग से 1 पैकेट और काले रंग की ट्रॉली बैग से 2 पैकेट गांजा बरामद हुआ।  इन 3 पैकेटों की डीडी किट से जांच की गई, जिसमें मादक पदार्थ गांजा पाया गया। तत्पश्चात सभी पैकेटों का वजन किया गया, जो 16.900 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग ₹8.45 लाख आंकी गई। पूछताछ में आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहा।

आरोपी ने यह भी बताया कि वह 4 अप्रैल, 2026 को धुर्वा निवासी समेथी नामक व्यक्ति के निर्देश पर बस से रांची से अंगुल गया था, जहां दो दिन रुकने के बाद 7 अप्रैल, 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे दो ट्रॉली बैग सौंपे। इसके बाद वह ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस से सामान्य श्रेणी में यात्रा कर हटिया पहुंचा, जहां आरपीएफ द्वारा पकड़ा गया।

सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को जब्त गांजा के साथ जीआरपीएस/हटिया को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में जीआरपीएस/हटिया द्वारा 8 अप्रैल, 2026 को मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में एलएसआई रीता कुमारी, कांस्टेबल अमरेश कुमार, आरपीएफ टीम रांची के एएसआई अनिल कुमार, स्टाफ आर.के. सिंह, सीआईबी टीम रांची के स्टाफ अरविंद कुमार यादव शामिल थे। रेलवे सुरक्षा बल और CIB की टीम ने बताया कि ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी पूरी तरह रोकी जा सके।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।