
रांची: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री झारखण्ड हेमंत सोरेन द्वारा ध्वाजारोहण किया जायेगा। राजकीय समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल गुरुवार को संपन्न हुआ। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की अगुवाई में आयोजित रिहर्सल में स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का सटीक अनुकरण किया गया। रिहर्सल के दौरान भारत सरकार के राष्ट्रगीत तथा राष्ट्रगान से संबंधित निर्देश का अनुपालन किया गया।
उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली। वरीय पदाधिकारियों द्वारा सभी पार्टियों को परेड से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। समारोह के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ज्वायंट ब्रीफिंग में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समारोह की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई। इस अवसर पर उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय ने संयुक्तादेश के मुख्य बिंदुओं को विस्तार से समझाते हुए सभी पदाधिकारियों को समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर सौंपे गए कार्य और दायित्व का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्य, दायित्व और प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी रखें और मुख्य अतिथियों के आगमन और निर्गमन की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि समारोह में आने वाले सभी आगंतुकों की सघन जांच करें एवं कोई भी अवांछित व्यक्ति किसी आपत्तिजनक सामग्री के साथ समारोह स्थल में प्रवेश न करें इसका विशेष ध्यान रखें। ज्वायंट ब्रीफ्रिंग में सभी प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को बताया गया कि सुरक्षा दृष्टिकोण से कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी पर रोक रहेगी। सिर्फ विभाग द्वारा ड्रोन वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी कराई जाएगी।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फर्स्ट इन कमाण्ड के रुप में 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा हैं। जो वर्तमान में रामगढ़ जिला में पदस्थापित हैं। सेकंड इन कमांड के रुप में परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर हैं।
समारोह में हिस्सा लेने वाले प्लाटून
1. सीआरपीएफ – एक प्लाटून
2. आईटीबीपी – एक प्लाटून
3. एसएसबी – एक प्लाटून
4. सीआईएसएफ – एक प्लाटून
5. उड़ीसा पुलिस – एक प्लाटून
6. झारखण्ड जगुआर – एक प्लाटून
7. जैप-1 – एक प्लाटून एवं एक प्लाटून बैण्ड पार्टी
8. जैप-2 – एक प्लाटून
9. जैप-10 – एक प्लाटून एवं एक प्लाटून बैण्ड पार्टी
10. रांची जिला पुलिस (पुरुष) – एक प्लाटून
11. रांची जिला पुलिस (महिला) – एक प्लाटून
12. झारखण्ड गृहरक्षा वाहिनी – एक प्लाटून एवं एक प्लाटून बैण्ड पार्टी
13. एनसीसी (गर्ल्स) – एक प्लाटून
14. एनसीसी (ब्वॉयज)- एक प्लाटून

