
रांची: रांची सिविल कोर्ट के कामकाज के समय में अहम बदलाव किया गया है। न्यायालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, 13 अप्रैल (सोमवार) से कोर्ट अब सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगा। इसी समय के भीतर सभी न्यायिक कार्य पूरे किए जाएंगे। नए शेड्यूल में लंच ब्रेक का समय भी बदला गया है। अब सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक आधे घंटे का भोजनावकाश रहेगा। पहले यह ब्रेक अलग समय पर होता था। अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से कोर्ट का कामकाज और ज्यादा व्यवस्थित और प्रभावी हो सकेगा।
गौरतलब है कि रांची सिविल कोर्ट 6 अप्रैल से मॉर्निंग शेड्यूल पर चल रहा था। उस दौरान कोर्ट का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक था और सुबह 9 बजे से 9:30 बजे तक लंच ब्रेक रखा गया था। अब नए आदेश के तहत कोर्ट के समय और ब्रेक दोनों में बदलाव किया गया है। न्यायालय प्रशासन का मानना है कि इससे केसों की सुनवाई में तेजी आएगी और कामकाज बेहतर तरीके से होगा। वहीं, वकीलों और वादियों को भी नए समय के अनुसार अपनी दिनचर्या तय करने की सलाह दी गई है।

