
रांची: झारखंड में शुक्रवार की सुबह दो अलग-अलग जिलों से दर्दनाक हादसों की खबर सामने आई है। एक ओर पाकुड़ में ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी एक युवक के लिए भारी पड़ गई, वहीं पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में एक भीषण सड़क दुर्घटना में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों मामलों में कई लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शॉर्टकट लेने की कोशिश में मालगाड़ी की चपेट में आया युवक
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सोना जोड़ी निवासी शाहनवाज अंसारी शुक्रवार सुबह हादसे का शिकार हो गए। घटना प्लेटफॉर्म नंबर दो की है, जहां वे खड़ी ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाहनवाज जल्दी पहुंचने के लिए खड़ी मालगाड़ी के ऊपर से पार करने लगे। लेकिन तभी अचानक मालगाड़ी चल पड़ी और उनका संतुलन बिगड़ गया। वे नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बोलेरो हादसे का शिकार, एयरबैग ने बचाई जान
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में सुबह करीब 5 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोयडा (उड़ीसा) से चक्रधरपुर जा रही एक तेज रफ्तार सफेद बोलेरो नोवामुंडी ओवरब्रिज के पिलर नंबर 16 के पास अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन घूमकर विपरीत दिशा में जा खड़ा हुआ। गाड़ी चला रहे मालिक परमेश्वर नायक के सिर में गंभीर चोट आई और वे बेहोश हो गए। वहीं उनके साथ बैठे पोरेश दिउरी ने सीट बेल्ट पहन रखी थी, और हादसे के दौरान एयरबैग खुलने से उनकी जान बच गई। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

