
रांची: झारखंड में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मंगलवार को सरायकेला राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची में तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। अगले पांच दिनों में तापमान में करीब 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
17 और 18 अप्रैल को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा और पलामू जैसे जिलों में लू चलने की आशंका है। इसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने इन इलाकों के लिए दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया है।
कुछ जिलों में बारिश के आसार
इसी दौरान संथाल परगना के देवघर, दुमका, गोड्डा और पाकुड़ जिलों में 17-18 अप्रैल को बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। 19 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और आसमान साफ रहने के साथ मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे लू से बचाव के लिए सावधानी बरतें और जरूरी एहतियात अपनाएं।

