
रांची: राजधानी रांची के रिंग रोड पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना को देखकर सड़क पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर कार में बैठे लोगों को आग के बारे में सतर्क किया। इसके बाद ड्राइवर ने तुरंत कार रोक दी। कार में बैठे दोनों लोग समय रहते नीचे उतर गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जमशेदपुर से रांची आ रही थी कार
जानकारी के मुताबिक, कार में दो लोग सवार थे। एक ड्राइवर और एक अन्य यात्री। दोनों जमशेदपुर से रांची की ओर आ रहे थे। जैसे ही वाहन लदनापीढ़ी के पास पहुंचा, अचानक उसमें आग लग गई और धीरे-धीरे लपटें तेज होती गईं। गनीमत यह रही कि आसपास के लोगों की सतर्कता के कारण दोनों सवार समय रहते कार से बाहर निकल गए। अगर थोड़ी भी देर होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
गर्मी में बढ़ रही ऐसी घटनाएं
गौर करने वाली बात यह है कि गर्मी के मौसम में गाड़ियों में आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। पिछले कुछ वर्षों में गर्मी के दौरान ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है, जिनमें कई बार लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।

