
रांची : में गर्मी दिन-ब-दिन तेज होती जा रही है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे लोगों को तेज धूप और लू का सामना करना पड़ेगा। पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे ज्यादा तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 17.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर-पश्चिम और दक्षिणी झारखंड के जिलों जैसे चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, सिमडेगा, सरायकेला और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, बोकारो और हजारीबाग में भी तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, लो प्रेशर सिस्टम और ट्रफ लाइन के कारण गर्म हवाओं का असर बढ़ रहा है। इसी वजह से अभी बारिश की संभावना नहीं है और गर्मी से राहत मिलने के आसार भी कम हैं।
लोगों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर में बाहर निकलने से बचें और ज्यादा पानी पीकर खुद को सुरक्षित रखें।

