
विरोध में महिला कामगारों ने किया सड़क जाम
रांची : खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज ने महिलाओं का दो से तीन महीने का वेतन नहीं दिया है, विरोध में मंगलवार को कर्मचारियों ने सड़क जाम कर दिया। महिलाओं का कहना है कि फरवरी और मार्च का पैसा उनको नहीं मिला है। उनका कहना है कि अप्रैल से पीस रेट पर पैसा देने की बात कही जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वे विदेश में निर्यात किए जानेवाले कपड़े बनाती हैं, तो उन्हें उसी अनुरुप पैसे मिलने चाहिए। सपना कुजूर ने बताया कि तीन महीने से उन्हें सैलरी नहीं मिली है। किसी को 1000 तो किसी को 500 सैलरी मिली है। पैसे की दिक्कत के कारण वे घर का भाड़ा नहीं दे पा रहे हैं। वहीं खुशबू कुमारी ने बताया कि पैसे नहीं मिलने के कारण वे ऑटो वाले को भाड़ा नहीं दे पा रही हैं। वहीं आरती कुमारी ने बताया कि वे लातेहार की रहनेवाली हैं, यहां महुआडांड़ में रहती है। उनका कहना है कि समय पर सैलरी नहीं मिलती। ओवरटाइम का भी पैसा नहीं मिलता। दस हजार की सैलरी पर बात हुई थी। उनका कहना है कि फरवरी, मार्च और अप्रैल का पैसा उनको नहीं मिला है।

