
JPSC 14th PT Exam : झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 14वीं पीटी परीक्षा की आंसर की जारी करने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। 20 अप्रैल को आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की गई उत्तर कुंजी में कई गलतियां होने का आरोप लगाया गया, जिसके बाद विपक्षी दल आजसू ने कड़ा विरोध जताया।
आजसू के महासचिव संजय मेहता ने देर रात आयोग के सचिव को पत्र लिखकर इस लापरवाही पर नाराजगी जताई और सुधार की मांग की। विरोध के बाद 21 अप्रैल को आयोग ने उक्त आंसर की को वेबसाइट से हटा लिया।
संजय मेहता ने कहा कि इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा में इस तरह की गलती आयोग की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने इसे अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए आंतरिक जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा के दिन भी अटेंडेंस शीट में तकनीकी खामियां थीं। प्रश्न पत्र बुकलेट नंबर और OMR नंबर दर्ज करने के लिए पर्याप्त बॉक्स नहीं दिए गए, जिससे अभ्यर्थियों को परेशानी हुई।
आजसू ने कहा कि आयोग बार-बार बुनियादी चूक कर रहा है, जिससे छात्रों में असंतोष बढ़ रहा है। पार्टी ने मांग की है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए और अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल किया जाए।

